उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में बीते दिनों से एक के बाद एक हत्याओं की घटना सामने आ रही है। बीते दिनों एक ही हफ्ते में गोरखपुर के अंदर 6 हत्याओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

अब खबर सामने आ रही है कि गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के नारायणपुर में भाजपा के सेक्टर प्रभारी और पूर्व प्रधान बृजेश सिंह की हत्या कर दी गई है।

खबर के मुताबिक, बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार की रात भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या की है।

बताया जाता है कि भाजपा नेता बृजेश सिंह उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव में प्रधान पद के दावेदार थे और शनिवार को वह पर्चा दाखिल करने की तैयारी कर रहे थे।

भाजपा नेता की परिवारवालों ने हत्या के पीछे चुनावी रंजिश होने की बात कही है। इस मामले में अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जांच में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

इस मामले में पत्रकार रोहिणी सिंह ने ट्वीट कर योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है।

रोहिणी सिंह ने लिखा है कि यह है योगी जी का गोरखपुर। यहाँ अपराधी भयमुक्त हैं। पर रैलियों में योगी समझाएँगे की अपराध पर नियंत्रण कैसे होता है।

बताया जाता है कि गोरखपुर में बढ़ रही हत्याओं की घटना की वजह से लोगों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। इसके साथ ही प्रशासन और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

विपक्षी दलों द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में लगातार घट रही हत्याओं की घटना के मामले में उनपर सवाल उठाए जा रहे हैं।

बता दें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजकल देश में हो रहे विधानसभा चुनावों में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार में व्यस्त चल रहे हैं। दूसरी तरफ उनके अपने राज्य में कानून व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here