अगले साल देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिनमें से एक उत्तर प्रदेश भी है। इस वक्त उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार सत्तारूढ़ है।

राज्य में दोबारा सरकार बनाने के लिए भाजपा ने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी है।

वहीं दूसरे राजनीतिक दल भी पीछे नहीं है। भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी समेत कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय दलों ने भी सियासी हलचल तेज कर दी है।

यहाँ तक कि राज्य में राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन पर भी चर्चा शुरू हो चुकी है।

दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश भाजपा में अंतर्कलह के आसार बन रहे हैं। दरअसल हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।

माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खुश नहीं है।

इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान ने भाजपा में चल रहे इस अंतर्कलह की अटकलों को और तेज कर दिया है।

इस कड़ी में पत्रकार रोहिणी सिंह ने एक वीडियो शेयर किया है। इसको शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है कि “एक मिनट में केशव प्रसाद मौर्य ने दो बार योगी जी को अपना नेता मानने से इनकार कर दिया। पत्रकार ने पूछा क्या योगी चेहरा होंगे?

केशव बोले ये मेरा विषय नहीं है। पत्रकार ने कहा योगी परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहे हैं उनके नेतृत्व में चुनाव होगा? केशव फिर टालते दिखे। अंतर्कलह और तेज।”

वीडियो देखा जा सकता है कि यूपी चुनाव योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में लड़े जाने के सवाल को राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या कई बार टालते हुए नजर आ रहे हैं।

दरअसल बीते कुछ वक्त पहले भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष लखनऊ दौरे पर आए थे। जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई मंत्रियों और भाजपा विधायकों से मुलाकात कर योगी सरकार पर फीडबैक लिया है।

जिसके बाद से ही यह चर्चाएं तेज हुई थी कि आने वाले वक्त में भाजपा द्वारा उत्तर प्रदेश में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here