उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। एक के बाद एक पार्टी के दिग्गज नेता और मंत्रियों द्वारा इस्तीफा सौंपा जा रहा है। इस लिस्ट में श्रम और वन मंत्री के बाद अब आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी का नाम भी जुड़ गया है।

दरअसल, आज भाजपा के 4 बड़े नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। औरैया से बिधूना विधायक विनय शाक्य, राज्य सरकार में आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, शिकोहाबाद से विधायक मुकेश वर्मा और लखीमपुर खीरी से विधायक बाला प्रसाद अवस्थी ने इस्तीफा सौंपा है।

अब तक कुल 10 भाजपा नेताओं का इस्तीफा आ चुका है। आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने तो सरकारी सुरक्षा और आवास तक वापस कर दिया है। सैनी स्वामी प्रसाद मौर्य के करीबी बताए जाते हैं। श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और वन पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देते समय सरकार पर पिछड़ों की अनदेखी करने का आरोप लगाया था।

स्वामी प्रसाद मौर्य से शुरू हुआ सिलसिला बढ़ते-बढ़ते कितना बड़ा हो जाएगा, ये तो वक़्त ही बताएगा। एक बात तो साफ है, पिछड़े समाज से आने वाले नेताओं की नाराजगी के चलते भाजपा को चुनाव में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आंतरिक लड़ाई से जूझ रहे हैं। उनके खिलाफ उन्हीं के विधायक और मंत्री खड़े नज़र आ रहे हैं।

चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तारीखों का ऐलन करने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि बहुत से नेता दल बदलेंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2022 में बदलाव होगा या एक बार फिर भाजपा सत्ता में आएगी। बता दें कि यूपी में 403 विधानसभा सीट हैं। यहां 10 फरवरी से 7 चरणों में मतदान होना है। नतीजे 10 मार्च को आएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here