दलित समाज पहले ही भाजपा से रूठा हुआ है और अब उसके नेताओं के बयान इस नाराज़गी को और ज़्यादा बढ़ा सकते हैं। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव का ताज़ा बयान विवाद खड़ा कर सकता है। उन्होंने कहा है कि आरक्षण की वजह से देश पिछड़ सकता है। ये ब्राह्मणों के साथ इंसाफ नहीं है। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि ये ईश्वर प्रदत्त व्यवस्था यानि जातिव्यवस्था के साथ अन्याय है।

भार्गव ने रविवार को नरसिंहपुर में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में कहा कि जब 40 प्रतिशत वाले को 90 प्रतिशत वाले से ऊपर चढ़ा दिया जाएगा तो यह प्रतिभा का नुकसान होगा। इससे देश पिछड़ जाएगा। यह कहीं ब्राह्मणों के साथ अन्याय न हो जाए। यह मज़ाक प्रतिभा के साथ हो रहा है। ईश्वर प्रदत्त व्यवस्था के साथ अन्याय हो रहा है।

प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव ने आरक्षण के मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए कहा कि जब देश आजाद हुआ था तब एक चौथाई सांसद-विधायक, अधिकारी, कर्मचारी हमारे वर्ग के थे लेकिन अब महज 10 फीसदी ही रह गए हैं।

उन्होंने कहा कि इसका कारण यह है कि पहले नीति थी, अब अनीति है। उन्होंने राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हर दल ब्राह्रमणों का समर्थन तो चाहती है पर उसे देना कुछ नहीं चाहती।

इधर मंत्री गोपाल भार्गव के इस विवादित बयान पर हंगामा भी मच गया है। विपक्षी दलों ने गोपाल भार्गव को उनके बयान पर घेरना शुरू किया तो बाद में गोपाल ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।

कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टर भीमराव रामजी अम्बेडर की 127वीं जयंती से पूर्व संध्या पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कांग्रेस हमारी सरकार के विरुद्ध आरक्षण ख़त्म करने की अफवाह फैला रही है। लेकिन अब भाजपा के मंत्री खुद आरक्षण के विरोध में बयान देकर पीएम मोदी को गलत ठहरा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here