उत्तर प्रदेश में होने वाले ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की गुंडागर्दी चरम सीमा पर पहुंच गई है। कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर तोड़फोड़, मारपीट को अंजाम दिया है।

शर्मनाक बात यह है कि भाजपा समर्थकों के इस गुंडागर्दी का शिकार महिला नेता भी हो रही है।

बीते दिनों लखीमपुर खीरी में सपा नेता की प्रस्तावक अनीता यादव के साथ बदसलूकी करते हुए भाजपा सांसद रेखा वर्मा के निजी सचिव ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी साड़ी खींची थी।

अब सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हो रही है। जिसे कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी द्वारा शेयर किया गया है।

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा कार्यकर्ता एक महिला को नामांकन से रोकने के लिए किस स्तर तक गिर गए हैं। महिला नेता नामांकन के लिए पुरुषों की भीड़ में घिरी हुई है और नामांकन दाखिल करने की कोशिश में गिरती पड़ती चीख चिल्ला रही है।

इस मामले में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट कर लिखा है कि “कुछ सालों पहले एक बलात्कार पीड़िता ने भाजपा विधायक के खिलाफ आवाज उठाई थी, उसे व उसके परिवार को मारने की कोशिश की गई थी।

आज एक महिला का नामांकन रोकने के लिए भाजपा ने सारी हदें पार कर दीं। सरकार वही। व्यवहार वही।”

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में हिंसा का नाम बदलकर मास्टरस्ट्रोक रख दिया गया है।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के दौरान उन्नाव, सीतापुर, कन्नौज, बहराइच, लखीमपुर में भाजपा और समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच हिंसा की खबरें सामने आई हैं।

लेकिन लखीमपुर खीरी में महिला नेता की प्रस्तावक के साथ हुई घटना तूल पकड़े हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here