कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोनभद्र के पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख रुपए मुआवज़ा देने का अपना वादा पूरा कर दिया। प्रियंका गांधी के निर्देश पर आज शनिवार को कांग्रेस की एक टीम सोनभद्र पहुंची है, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों को मुआवज़े की राशि का चेक दिया।

सोनभद्र पीड़ितों को मुआवज़े की राशि देने के लिए रवाना हुई टीम के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता ने बताया कि कांग्रेस की एक टीम पीड़ितों को मुआवजे की राशि देने के लिए सोनभद्र पहुंची है। जहां पीड़ित परिवारों को वादे के मुताबिक 10-10 लाख रुपए का चेक दिया जा रहा है।

मुआवज़ा देने पहुंची इस टीम में विधान मंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव संगीता श्रीवास्तव समेत कांग्रेस के कई  नेता शामिल हैं।

बता दें कि बुधवार को सोनभद्र के घोरावल गांव में 17 जुलाई को ज़मीन पर कब्ज़े को लेकर भू-माफियाओं ने तीन महिलाओं समेत 10 गोंड आदिवासियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आदिवासियों का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने ज़मीन को खाली करने से इनकार कर दिया था, जिससे नाराज़ ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त ने आदिवासियों पर गोली चलवा दी। जिसमें 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई और तकरीबन दो दर्जन लोग बुरी तरह से घायल हुए थे।

इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों के दुख में शरीक होने के लिए प्रियंका गांधी उनसे मिलने सोनभद्र जा रही थीं, लेकिन उन्हें यूपी पुलिस ने रास्ते में ही रोक कर हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद उन्हें चुनार के गेस्ट हाउस में रखा गया था। जहां उनसे मिलने के लिए सोनभद्र के पीड़ित परिवार पहुंचे थे। पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद ही प्रियंका गांधी ने इन परिवारों को 10-10 लाख रुपए का मुआवज़ा देने का ऐलान किया था। जिसे आज पूरा कर दिया गया।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here