अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता इंद्रेश कुमार ने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की है।

उन्होंने कहा कि मुंबई आंतकी हमले में मारे गए महाराष्ट्र एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे को श्रद्धांजलि तो दी जा सकती है लेकिन उनका सम्मान नहीं किया जा सकता। प्रज्ञा सिंह ठाकुर के साथ करकरे ने जो अत्याचार किया, उसे सही नहीं ठहराया जा सकता।

आरएसएस नेता ने ये विवादित बयान भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का बचाव करते हुए कहा कि हेमंत करकरे ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर को टॉर्चर किया। उनके साथ अमानवीयता से पेश आए, फिर भी प्रज्ञा ने मानवता दिखाई। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हेमंत करकरे के खिलाफ बयान दिया, लेकिन बाद में उसमें बदलाव कर लिया। यह प्रज्ञा ठाकुर की मानवता को दिखाता है।

इस दौरान इंद्रेश कुमार ने अपने बयान को सही साबित करने के लिए कांग्रेस को भी आड़े हातों लिया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया, भगवा आतंकवाद को साबित करने के लिए वर्दी में रहकर अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर लोगों को फंसाया गया।

दरअसल, लोकसभा चुनाव के समय मध्य प्रदेश की भोपाल सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने मुंबई हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे को लेकर विवादित बयान दिया था। प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि उन्होंने मुझे गलत तरीके से फंसाया। साथ ही प्रज्ञा ने कहा था कि अपने कर्मों की वजह से मरे हैं।

साध्वी प्रज्ञा ने कहा था, ‘हेमंत करकरे को मुंबई बुलाया, उस समय मैं मुंबई जेल में बंद थी। राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के एक सदस्य ने हेमंत करकरे को कहा कि जब सबूत नहीं है तो साध्वी को छोड़ दो, सबूत नहीं है तो इनको रखना गलत है, गैरकानूनी है, लेकिन वो व्यक्ति कहता है कि मैं कुछ भी करूंगा सबूत लेकर के आऊंगा। मैं कहीं से सबूत लेकर आऊंगा लेकिन साध्वी को नहीं छोड़ूंगा। ये उसकी कुटिलता थी, ये उसका देशद्रोह था, ये धर्म विरूद्ध था।

साध्वी ने कहा, ‘आपको विश्वास करने में थोड़ी देर लगेगी, लेकिन मैंने कहा तेरा सर्वनाश होगा। मैंने कहा सर्वनाश होगा, ठीक सवा महीने में सूतक लगता है। जिस दिन मैं गई थी उस दिन इसके सूतक लग गया था। ठीक सवा महीने में जिस दिन इसे (हेमंत करकरे) को आतंकवादियों ने मारा उस दिन इस सूतक का अंत हो गया।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here