देश में गाय के नाम पर हो रही सियासत ने भयावाह रूप ले लिया है। गाय के नाम पर अफ़वाह फैलाई जाती है और फिर वह अफवाह एक हिंसा को जन्म दे देती है। कभी गाय चोरी के शक में भीड़ किसी की जान ले ती है तो कभी गौमांस रखने के शक में किसी को मौत के घाट उतार दिया जाता है।

ताज़ा मामला बिहार की राजधानी पटना से सामने आया है। जहां गाय को लेकर फैलाई गई एक अफवाह के चलते दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। घटना पिरबहोर थाना क्षेत्र के बाकरगंज की है।

बताया जा रहा है कि यहां शुक्रवार की रात एक कुत्ते ने गाय को काट लिया। जिसके बाद यह अफवाह फैलाई गई कि कुत्ते का मालिक मुस्लिम है, जिसने जानबूझकर गाय को कटवाया।

इस अफवाह के फैलने के बाद इलाके के हिंदू इकट्ठा हो गए और वहां मौजूद मुस्मिल घरों पर धावा बोल दिया। जिसके बाद दोनों समुदायों के बीच संघर्ष देखने को मिला। दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव किया।

घटना की जानकारी मिलने पर कदमकुआं स्थित कई थानों की पुलिस को बुला लिया गया। मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी झड़प नहीं रुकी। काफी देर तक पुलिस के सामने ही पथराव होता रहा। हालांकि काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।

जिसके बाद पुलिस ने समझा-बुझा कर लोगों को शांत कराया और अपने-अपने घरों में जाने को कहा। थानाध्यक्ष निशिकांत निशि ने बताया कि इस मामले में किसी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस तैनात है।

बता दें कि हाल के दिनों में बिहार में गाय के नाम पर हिंसा के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले मई में अररिया में गाय चोरी के शक में भीड़ ने एक 44 वर्षीय महेश यादव की पीट-पीट कर ह.त्या कर दी थी। वहीं जनवरी में भी अररिया में एक 55 वर्षीय बुज़ुर्ग की गाय चोरी के शक में ह.त्या कर दी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here